रतलाम। महज 3 वर्ष 3 माह की नन्हीं झानवी सोनी ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से रतलाम शहर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। झानवी ने मात्र 2 मिनट 40 सेकेंड में हनुमान चालीसा का पाठ कर लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और वेब वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। इस उपलब्धि पर पूरे स्वर्णकार समाज और शहरवासियों में खुशी की लहर है।
कलाकार पिता नरेंद्र (सोनू सोनी) और माता के संस्कारों से प्रेरित होकर झानवी ने यह असंभव लगने वाली उपलब्धि हासिल की। झानवी नाहर ग्लोबल स्कूल, रतलाम की नर्सरी की छात्रा हैं।
झानवी को विश्व रिकॉर्ड के दोनों प्रमाण-पत्र कलेक्टर राजेश बाथम और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के हाथों प्रदान किए गए। इस अवसर पर कलेक्टर बाथम ने झानवी को आशीर्वाद देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, एसपी अमित कुमार ने झानवी को दुलारते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में यह प्रतिभा उसके परिवार के संस्कारों का परिणाम है। उन्होंने पिता नरेंद्र सोनी से आग्रह किया कि बच्ची की शिक्षा के साथ संस्कारों पर भी विशेष ध्यान दें।
कार्यक्रम में पत्रकार रमेश सोनी, वेब वर्ल्ड रिकॉर्ड के जूरी सदस्य शैलेंद्र सिंह सिसोदिया, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के जिलाध्यक्ष विशाल कुमार वर्मा, जन-अभियान परिषद के समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, महाराजा अजमीढ़ जी युवा संस्था मुंबई के जिलाध्यक्ष मुकेश सोनी, श्रीमती सुनीता सोनी, हर्ष जैन (पेज आज हम आ गए), आयुष कसेरा (पेज रतलाम मेरी जान) सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
झानवी की इस उपलब्धि ने रतलाम का नाम स्वर्णाक्षरों में दर्ज कर दिया है और समाज को यह संदेश दिया है कि संस्कारों और दृढ़ संकल्प से कोई भी मुकाम पाया जा सकता है।