पंचायत चुनाव की तैयारी : BAP ने घोषित की कार्यकारणी, कांग्रेस को लगा झटका
Sun, Mar 29, 2026
आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने संगठन विस्तार और जमीनी पकड़ मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिले के सैलाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शिवगढ़ ब्लॉक की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। भेड़ली नर्सरी में आयोजित 'जाजम बैठक' में कार्यकर्ताओं की सर्वसम्मति से पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई।
नई कार्यकारिणी का स्वरूप:
बैठक में ग्राम भेड़ली के
नरेंद्र पारगी (डिंडोर)
को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। संगठन की मजबूती के लिए
मदन डामर
को संगठन मंत्री और
वागेश्वर डामर
को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं,
राकेश खांट
और
कमलेश पारगी
को क्रमशः उपाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस को बड़ा झटका:
इस सांगठनिक बदलाव में सबसे चर्चा का विषय
सीताराम भाभर
की नियुक्ति रही। हाल ही में कांग्रेस के सेक्टर अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले भाभर ने भारत आदिवासी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिसके बाद उन्हें ब्लॉक उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने उन्हें हाल ही में ग्राम पंचायत अध्यक्ष नियुक्त किया था, जिसे ठुकरा कर उन्होंने 'बाप' का दामन थाम लिया।
प्रमुख जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी:
पार्टी विस्तार की इस महत्वपूर्ण बैठक में सैलाना विधायक
कमलेश्वर डोडियार
, जिला अध्यक्ष
रमेश खराडी
, और जिला पंचायत उपाध्यक्ष
केशुराम निनामा
विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा राष्ट्रीय सदस्य कविता भगोरा, कैलाश डामर और पूर्व जिलाध्यक्ष चंदू सिंह मेड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
भविष्य की रणनीति:
जिलाध्यक्ष रमेश खराडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी अब पूरे जिले में युवाओं को आगे लाकर जिम्मेदारी सौंपेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों में पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और संगठन का विस्तार ग्राम स्तर तक किया जाएगा।
भेरुजी का ओटला तोड़ने पर भड़का गुस्सा : होटल मालिक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज
Tue, Jan 13, 2026
शहर के कोमल नगर (प्रोफेसर कॉलोनी) क्षेत्र में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब एक धार्मिक स्थल 'भेरुजी का ओटला' तोड़े जाने की खबर सामने आई। इस घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रिंस होटल के मालिक सुभाष सिंह और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना :
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह गौसेवक गजेंद्र सिंह सक्तावत को सूचना मिली थी कि कोमल नगर में भेरुजी का ओटला क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। जब वे कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां ओटला टूटा हुआ मिला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि रात के समय प्रिंस होटल के संचालक सुभाष सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस धार्मिक स्थल को तोड़ा था।
बजरंग दल का धरना और हंगामा :
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता एकत्रित हो गए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता बजरंग पुरोहित और क्षेत्रीय पार्षद पप्पू पुरोहित भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा :
हंगामे की सूचना मिलते ही डीएसपी अजय सारवान, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी, डीडी नगर टीआई अनुराग यादव, निगम आयुक्त अनिल भाना और तहसीलदार ऋषभ ठाकुर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया और भरोसा दिलाया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
एफआईआर दर्ज, निर्माण कार्य शुरू :
पुलिस ने गजेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर आरोपी सुभाष सिंह व अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रदर्शनकारियों की मांग पर प्रशासन ने क्षतिग्रस्त ओटले का पुननिर्माण कार्य भी तुरंत शुरू करवा दिया है। कार्यकर्ताओं ने फिलहाल विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया है, लेकिन पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इंदौर जल त्रासदी : शिवसेना ने प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Thu, Jan 8, 2026
इंदौर नगर निगम के भागीरथपुरा क्षेत्र में पिछले दिनों दूषित पानी के सेवन से हुई नागरिकों की अकाल मृत्यु और सैकड़ों लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस गंभीर लापरवाही के विरोध में शिवसेना जिला इकाई रतलाम द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर संजय शुक्ला को सौंपा गया।
प्रशासनिक विफलता पर उठाए सवाल
ज्ञापन के माध्यम से शिवसेना ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी 'नल-जल योजना' को धरातल पर उतारने में इंदौर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह विफल रहा है। जल जीवन मिशन के तहत स्वच्छ पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण निर्दोष नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
शिवसेना की प्रमुख मांगें:
इंदौर नगर निगम आयुक्त और संबंधित विभाग इस पूरे प्रकरण की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराएं।
लापरवाह और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाए।
मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से
10-10 लाख रुपये
का आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए।
पूरे प्रदेश में नल-जल योजना की समीक्षा कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जाए।
ये रहे उपस्थित:
ज्ञापन सौंपते समय शिवसेना जिला प्रमुख मुकेश गांधी, शिवाजी ब्लॉक प्रमुख दीपक कसेरा, भानु प्रताप शर्मा (ढोढर), सुरेश जाट (हिंगोरिया), कृष्णा पाटीदार (बिलपांक), अशोक सोनी (प्रचार मंत्री), राजकुमार जाट, संजय पेमाल, गौरव सोनी, जगदीश चौहान, प्रताप सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह, राकेश जैन, नगर प्रमुख मुकेश कटारिया, सैलाना विधानसभा प्रभारी मुकेश कालू बागोड़ा, नरेंद्र सिंह, दिलीप चौहान, अंकित शुक्ला, चेतन शर्मा, गोपाल सिंह एवं अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।