निजी स्कूलों की मनमानी पर कसेगा शिकंजा : प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
Thu, Apr 16, 2026
जिले के अशासकीय (निजी) विद्यालयों द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अभिभावकों पर विशेष दुकानों से ही पाठ्यपुस्तकें, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म और जूते खरीदने के लिए बनाए जा रहे दबाव को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मध्य प्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, कलेक्टर
मिशा सिंह
ने निजी स्कूलों की इस मनमानी पर रोक लगाने के लिए कड़े आदेश जारी किए हैं।
कंट्रोल रूम स्थापित, यहां करें शिकायत :
अभिभावकों की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए जिला पंचायत कार्यालय में एक विशेष
कंट्रोल रूम
स्थापित किया गया है। यदि कोई भी निजी स्कूल प्रबंधन किसी विशेष दुकान या संस्था से सामग्री क्रय करने के लिए बाध्य करता है, तो अभिभावक सीधे प्रशासन को इसकी सूचना दे सकते हैं।
शिकायत हेतु दूरभाष क्रमांक:
07412-299372 जारी किया।
समय:
प्रातः 10:00 बजे से सायं 06:00 बजे तक आप शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
होगी सख्त वैधानिक कार्रवाई :
कलेक्टर
मिशा सिंह
ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह कदम उन अभिभावकों के लिए बड़ी राहत है जो हर साल स्कूलों और चुनिंदा दुकानदारों की मिलीभगत के कारण महंगी सामग्री खरीदने को मजबूर होते थे।
अभिभावकों से अपील :
प्रशासन ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के दबाव में न आएं। यदि स्कूल द्वारा किसी विशेष ब्रांड या दुकान का नाम अनिवार्य किया जाता है, तो निर्भीक होकर कंट्रोल रूम के नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
भीषण गर्मी का असर : रतलाम में स्कूलों के समय में बदलाव
Thu, Apr 16, 2026
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के आदेश पर जिले के सभी विद्यालयों के संचालन समय में तत्काल प्रभाव से परिवर्तन किया गया है।
नया समय और प्रभाव :
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक लोढा ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में पड़ रही अत्यधिक गर्मी और हीटवेव (लू) की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। अब जिले के समस्त स्कूल
प्रातः 07:30 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक
ही संचालित किए जाएंगे।
इन विद्यालयों पर लागू होंगे नियम :
यह आदेश जिले की सीमा में आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों पर समान रूप से लागू होगा। समस्त शासकीय एवं अशासकीय (निजी) विद्यालय, अनुदान प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त स्कूल,माध्यमिक शिक्षा मण्डल (MP Board), CBSE और ICSE से संबद्ध सभी विद्यालय।
अधिकारियों का संदेश:
"बढ़ता तापमान बच्चों के स्वास्थ्य के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। दोपहर की तीखी धूप से बचाने के लिए समय में यह कटौती की गई है। सभी स्कूल संचालकों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।"
स्टेशन पर हादसा : चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में यात्री की मौत, बैग में मिले 4 लाख रुपए Video
Sun, Apr 12, 2026
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 04 पर शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। दिल्ली से मुंबई की यात्रा कर रहे एक 40 वर्षीय व्यक्ति की चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें युवक का संतुलन बिगड़ते हुए साफ देखा जा सकता है।
सीसीटीवी में कैद हुई मौत :
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12904 (गोल्डन टेंपल मेल) दोपहर करीब 2:35 बजे प्लेटफॉर्म से रवाना हो रही थी। इसी दौरान मृतक ने तेजी से चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पैर फिसलने के कारण वह सीधे पहियों की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन गुजरने के बाद मृतक का शव दो हिस्सों में ट्रैक पर पड़ा मिला।
मृतक की पहचान और बरामदगी :
जीआरपी और आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान
दाऊद अयाज बेग (40 वर्ष)
, निवासी जोगी नवादा, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दाऊद अपने परिवार के साथ ठाणे (मुंबई) में रहता था और कैटरिंग व इवेंट मैनेजमेंट का व्यवसाय करता था।
पुलिस को प्लेटफॉर्म पर मिले मृतक के बैग की तलाशी के दौरान कपड़े, टिकट और
करीब 4 लाख रुपये नगद
बरामद हुए हैं। साथ ही एक मोबाइल फोन भी मिला है, जिससे उसके परिजनों को सूचित किया गया।
पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई :
घटना के तुरंत बाद आरपीएफ एसआई गवेन्द्र सिंह, स्टेशन मास्टर रविंद्र सिंह राठौड़ और प्लेटफॉर्म स्टाफ मौके पर पहुंचे। जीआरपी के हेड कांस्टेबल मनोज चौधरी और बाबूलाल लोने ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। शनिवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं।