10 दुकानों पर केस दर्ज : अमानक पाए जाने वाले दुकानदारों में मचा हड़कंप
Fri, Jan 2, 2026
जिला कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह और नापतौल नियंत्रक, मध्य प्रदेश (भोपाल) के निर्देशों पर अमल करते हुए, नापतौल विभाग ने क्षेत्र में उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत सैलाना और धराड़ की विभिन्न दुकानों पर औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स तौल उपकरणों और पैकेज बंद वस्तुओं की जांच की गई।
10 प्रतिष्ठानों पर दर्ज हुए प्रकरण जांच के दौरान कई दुकानों पर इलेक्ट्रॉनिक्स तौल उपकरण नियमानुसार सत्यापित नहीं पाए गए। साथ ही, विक्रय के लिए रखे गए पैकेज बंद वस्तुओं (अमानक पैकेजिंग) में भी भारी अनियमितताएं मिलीं। विधिक माप विज्ञान अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर निम्नलिखित 10 संस्थानों के विरुद्ध दण्डनीय अपराध के प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं :
सैलाना: अंशुल किराना स्टोर्स, जोधपुर स्वीट कार्नर, राज हार्डवेयर, बादशाह किराना, मुकेश ट्रेडर्स और मुल्ला अब्देअलि मुल्ला कालाभाई
धराड़: जय किसान फर्टिलाइजर, वेदान्त ऑटो मोबाइल, आशापुरा रेस्टोरेंट और पाटीदार रेस्टोरेंट
3 तौल कांटे और अमानक सामग्री जब्त : नापतौल निरीक्षक भारत भूषण ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 3 इलेक्ट्रॉनिक्स तौल उपकरणों को मौके से जब्त किया गया है। इसके अलावा नियमों के विरुद्ध बेची जा रही अन्य पैकेज बंद वस्तुओं को भी विभाग ने अपने कब्जे में लिया है।
कार्रवाई के दौरान श्री कैलाशचन्द्र शर्मा, गोतमलाल मईड़ा, मोहनलाल खैर और मयंक गोयल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी उपभोक्ताओं को कम तोलने या अमानक वस्तुएं बेचने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रतलाम स्टेशन : RPF की सतर्कता से बची महिला यात्री की जान : VIDEO
Fri, Dec 26, 2025
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा निरंतर सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाई जा रही है। इसी क्रम में 24 दिसंबर को रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर आरपीएफ की तत्परता और साहस से एक महिला यात्री की जान बचाई गई।
मंडल जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 04002 नई दिल्ली–मुंबई सेंट्रल स्पेशल के रतलाम स्टेशन से प्रस्थान के दौरान एक महिला यात्री ने स्लीपर कोच एस-3 में चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। ट्रेन की गति बढ़ने पर महिला यात्री कोच के दरवाजे के हैंडिल से लटकती हुई नीचे घसीटती दिखाई दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ऑन ड्यूटी हेड कांस्टेबल चंद्रकांत तिवारी ने तुरंत साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला यात्री का हाथ ट्रेन के हैंडिल से छुड़वाया। इसी दौरान हेड कांस्टेबल नरेंद्र राठौड़ ने तत्परता दिखाते हुए महिला यात्री को ट्रेन के नीचे जाने से पहले बाहर खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बाद में ऑन ड्यूटी उपनिरीक्षक श्रद्धा ठाकुर ने महिला यात्री को सहानुभूति पूर्वक समझाइश देते हुए चलती गाड़ी में चढ़ने के खतरों से अवगत कराया।
इस घटना में महिला यात्री पूरी तरह सुरक्षित है और उसने अपनी जान बचाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल रतलाम का आभार व्यक्त किया। हेड कांस्टेबल नरेंद्र राठौड़ एवं चंद्रकांत तिवारी की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और त्वरित निर्णय से एक अनमोल जीवन की रक्षा संभव हो सकी। यह सराहनीय कार्य “ऑपरेशन जीवन रक्षा” के अंतर्गत किया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती गाड़ी में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे न केवल स्वयं की बल्कि अन्य यात्रियों की सुरक्षा भी गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।
3 दिन में 25 प्रकरण : कलेक्टर के निर्देश पर आबकारी विभाग हुआ सक्रिय
Mon, Dec 15, 2025
13 दिसंबर 2025 : कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध सघन अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री पी.सी. केरवार, श्री मनोहरलाल खरे एवं श्री शिवनारायण सिंगनाथ के नेतृत्व में विगत तीन दिवसों में बड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत जिला रतलाम में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के अंतर्गत कुल 25 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। कार्रवाई के दौरान 44.28 बल्क लीटर अवैध मदिरा एवं 1455 किलोग्राम महुआ लहान जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 59 हजार 540 रुपये आंकी गई है।
उक्त कार्यवाहियों में जिले में पदस्थ आबकारी उपनिरीक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी पूरी सख़्ती के साथ जारी रहेगा।