कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन एवं एसडीएम जावरा सुनील जयसवाल के नेतृत्व में जावरा तहसील के ग्राम भीमाखेड़ी स्थित 'यश डेरी' पर पुलिस, राजस्व और खाद्य औषधि प्रशासन विभाग द्वारा एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया। मिलावट की शंका और नियमों के उल्लंघन के चलते प्रशासन ने फर्म को आगामी आदेश तक सील कर दिया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान यश डेरी के पास खाद्य लाइसेंस तो पाया गया, लेकिन उसमें विनिर्माण इकाई (मैन्युफैक्चरिंग यूनिट) का उल्लेख नहीं था। मिलावट के संदेह के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत जांच के लिए कुल 6 नमूने संग्रहित किए गए हैं। इनमें गाय के दूध के तीन नमूने, लैक्टोज स्प्रे ड्राइड के दो नमूने और कास्टिक सोडा का एक नमूना शामिल है।
97 पैकेट लैक्टोज पाउडर जब्त, प्रोपराइटर मौके पर मिले : कार्रवाई के दौरान टीम ने संदेह के आधार पर लैक्टोज स्प्रे ड्राइड पाउडर के 25-25 किलोग्राम के कुल 97 पैकेट भी जब्त किए हैं। मौके पर डेरी का संचालन प्रोपराइटर यश दयमा द्वारा किया जाना पाया गया। आवश्यक दस्तावेजों की कमी और नियमानुसार लाइसेंस संबंधी गड़बड़ियां मिलने पर संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फर्म को सील कर दिया।
इस टीम ने की संयुक्त कार्रवाई : इस बड़ी कार्रवाई में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गडरिया, तहसीलदार सहदेव मोरे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल, प्रीति मंडोरिया एवं कमलेश जमरा मुख्य रूप से शामिल रहे। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।