2.25 लाख के जेवर बरामद : छत का दरवाजा तोड़कर की थी चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार : Video
Mon, Aug 10, 2026
जावरा शहर थाना पुलिस ने नकबजनी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख 25 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 12 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, जनता कॉलोनी निवासी शेख मोहम्मद ने 1 अगस्त को जावरा शहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30-31 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश छत के ऊपर लगे दरवाजे का नकुचा तोड़कर घर में घुसे और सोने-चांदी के आभूषण तथा 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने जावरा शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्धों की पहचान कर अब्बास अली (33), शरीफ उर्फ शब्बु (28) और अलीशान (27) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी शरीफ उर्फ शब्बु से 1,000 रुपये, अब्बास अली से घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो एवं 1,000 रुपये तथा अलीशान से करीब 2 लाख 25 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामद आभूषणों में चैन, अंगूठी, पेंडल और पायल शामिल हैं। इस तरह पुलिस ने कुल 12 हजार रुपये नकद सहित चोरी का मशरूका बरामद किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक कुमार मंडलोई, उप निरीक्षक राकेश मेहरा, सहायक उप निरीक्षक सगीर खान सहित थाना जावरा शहर के पुलिसकर्मियों और रतलाम साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यातायात नियम तोड़ने : ब्लैक फिल्म और VIP नंबर प्लेट लगाने पर भी हुई कार्रवाई : Video
Mon, Aug 10, 2026
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर रतलाम पुलिस ने 10 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान कार्रवाई की। 1 से 10 अगस्त तक चले अभियान में जिलेभर में वाहन चेकिंग कर कुल 156 चालान बनाए गए और 84 हजार रुपए समन शुल्क वसूला गया। अभियान में सबसे ज्यादा कार्रवाई अमानक और गलत नंबर प्लेट के मामलों में हुई।
पुलिस के अनुसार बिना HSRP, अमानक अथवा गलत नंबर प्लेट के इस्तेमाल पर 117 चालान बनाए गए और 58,500 रुपए समन शुल्क वसूला गया। इसी तरह वाहनों के शीशों पर ब्लैक या अमानक फिल्म लगाने पर 30 चालान कर 15 हजार रुपए तथा VIP एवं सरकारी स्टिकर के अनधिकृत इस्तेमाल पर 9 चालान कर 10,500 रुपए समन शुल्क वसूला गया।
कार्रवाई के साथ समझाइश भी : पुलिस ने चालानी कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाने, अमानक फिल्म का उपयोग नहीं करने तथा VIP/सरकारी स्टिकर का अनधिकृत इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी गई।
नागरिकों ने कार्रवाई को बताया जरूरी : अभियान के दौरान हुई कार्रवाई को लेकर नागरिकों का कहना है कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए। नियमित वाहन चेकिंग से न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की पहचान में भी मदद मिल सकती है। इससे अपराधों पर अंकुश लगाने में पुलिस को सहयोग मिलेगा और लोगों में कानून एवं यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
दो पर FIR दर्ज : विंडमिल ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़
Mon, Aug 10, 2026
डीडी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पलसोड़ी पहाड़ी पर स्थित पवन चक्की कंपनी के सीएमएस कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ और नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर कैलाश भील और उसके साथी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवेक पिता सतीश कुमार यादव (उम्र 34 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी कैलाश पिता देवड़ा भील (निवासी गोपालपुरा) और उसके साथी ने पलसोड़ी पहाड़ी स्थित पवन चक्की कंपनी के सीएमएस ऑफिस में अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया। आरोपियों ने कार्यालय के अंदर घुसकर तोड़ा-फोड़ी की और कंपनी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
डीडी नगर थाना पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की वैधानिक जांच में जुटी है।