एसपी का आकस्मिक निरीक्षण : रात्रि गश्त पर विशेष जोर, दो पुलिस कर्मी पुरस्कृत
Tue, Nov 18, 2025
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार ने मंगलवार शाम आकस्मिक रूप से थाना स्टेशन रोड का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, रात्रि गश्त एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन सहित स्टाफ से चर्चा कर कानून व्यवस्था की स्थिति और अपराधों के निराकरण की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने हवालात, शस्त्रागार, रिकॉर्ड रूम, एफआईआर रजिस्टर व अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों से रजिस्टर संधारण एवं रिकॉर्ड में पारदर्शिता रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मचारियों की समस्याएँ भी सुनीं और मौके पर ही समाधान किया।
रात्रि गश्त में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश : एसपी अमित कुमार ने थाना प्रभारी सहित पूरे पुलिस बल को रात्रि गश्त में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। शीत ऋतु को देखते हुए गश्त के दौरान गर्म कपड़े पहनने, सर्च लाइट के उपयोग और पूरे क्षेत्र में लगातार मोबाइल गश्त बनाए रखने पर जोर दिया।
अपराध निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दो पुलिसकर्मी सम्मानित : लंबित अपराधों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए एसपी ने सउनि देवेंद्र सेंगर और प्रधान आरक्षक कृष्णपाल को 500-500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
हवालात और बंदियों की व्यवस्था का निरीक्षण : निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने हवालात की साफ-सफाई, सुरक्षा मानकों, बंदियों के भोजन-पानी की व्यवस्था की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से लेने के निर्देश : एसपी ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी से अच्छा व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित हो। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के बेहतर समाधान करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी पुरस्कृत करने की घोषणा की।
माणकचौक थाने का जुआरियों पर शिकंजा : 5 आरोपी गिरफ्तार, बड़ी नकदी जप्त
Sat, Nov 15, 2025
माणकचौक थाना पुलिस ने 12 नवंबर की देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर ताश पत्ती पर दांव लगाते हुए इलियास उर्फ इलू और छोटू कुरैशी सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 21,500 रुपए नगदी, 52 ताश पत्ती, और एक रियलमी कंपनी का मोबाइल जब्त किया गया है। थाना प्रभारी प्रतिराम डाबरे द्वारा बताया गया कि इस कार्रवाई में एएसआई शिवनाथ सिंह राठौर की सराहनीय भूमिका रही।
जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : अपराधियों पर लगाएँ अंकुश, जनता से संवाद बढ़ाएँ : एसपी
Sat, Nov 8, 2025
जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा शुक्रवार को नवीन पुलिस कंट्रोल रूम, रतलाम में जिले के सभी एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा (शहर), विवेक कुमार लाल (ग्रामीण), एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर, डीएसपी अजाक अजय सारवान, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी, उप पुलिस अधीक्षक अनिशा जैन सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के प्रमुख बिंदु
बैठक के दौरान एसपी अमित कुमार ने विगत बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा की और जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के अपराधों का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। जिन थाना क्षेत्रों में अपराधों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई, वहाँ कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान विशेष रूप से निम्न विषयों पर चर्चा की गई :
गंभीर संपत्ति संबंधी अपराध, लंबित एवं चिह्नित प्रकरण
आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध की गई कार्यवाही
अवैध मादक पदार्थों एवं शराब के विरुद्ध अभियान
गुम/अपहृत नाबालिगों की दस्तयाबी हेतु ऑपरेशन मुस्कान की प्रगति
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण की स्थिति
बैठक में आगामी अवधि के लिए विस्तृत रणनीति तय की गई और सभी थाना प्रभारियों को विशिष्ट लक्ष्य (टारगेट) प्रदान किए गए।
एसपी अमित कुमार के प्रमुख निर्देश
लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाए।
चोरी प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी और मशरूका बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान चलाए जाएँ।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम बच्चों की दस्तयाबी के लिए अभियान चलाया जाए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का त्वरित व संतोषजनक निराकरण किया जाए।
फरार एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान संचालित किया जाए।
आदतन अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और सख्त कार्रवाई की जाए।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना क्षेत्र में नागरिक संवाद कर समस्याओं का समाधान किया जाए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों पर अंकुश लगाएँ और जनता के साथ संवाद को मजबूत करें।