जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने राजस्थान के झालावाड़ जिले के एक शातिर और फरार आरोपी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी हुई 9 मोटर साइकिलें भी बरामद की गई हैं।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी :
पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीमें कंजरो की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही थीं। इसी दौरान 9 जनवरी को सूचना मिली कि राजस्थान का फरार आरोपी हरिया कंजर क्षेत्र में सक्रिय है। पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया और घेराबंदी (एंबुश) कर हरिया उर्फ हरिश (45 वर्ष), निवासी टोकड़ा कंजर डेरा, जिला झालावाड़ को धर दबोचा। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी बजाज पल्सर से 60 लीटर अवैध कच्ची शराब का परिवहन कर रहा था।
पूछताछ में हुआ चोरियों का बड़ा खुलासा :
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय होने और मोटर सायकल चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि उसने हाट पिपलिया, पीरहिंगोरिया, कोठडी, आलमपुर ठिकरिया, बिनोली, पिपलिया जोधा, सांगाखेड़ा और खेताखेड़ी जैसे गांवों से बाइक चोरी की थीं।
खाइयों और जंगलों में छिपा रखी थी बाइकें :
पकड़े गए आरोपी ने चोरी की गई बाइकों को छिपाने के लिए बेहद दुर्गम स्थानों का चयन किया था। उसने पुलिस को बताया कि चोरी की गई गाड़ियाँ तलाईयों, खाइयों और तंबोलिया के जंगल में चंबल नदी के किनारे छिपाई गई थीं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सभी 9 मोटर साइकिलें बरामद कर ली हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका :
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक शंकर सिंह चौहान, निरीक्षक प्रकाश गडरिया, पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित SIT, अनुभाग आलोट और जावरा ग्रामीण की टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।