पुलिस की बड़ी कार्रवाई : जावरा में जुए के अड्डे पर दबिश, 9 जुआरी दबोचे गए
Sun, Aug 9, 2026
जिले में अवैध गतिविधियों एवं जुआ-सट्टे के खिलाफ एसपी अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा शहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जुआ खेलते 09 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 31,300 रुपए नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश : पुलिस को सटीक मुखबिर सूचना मिली कि कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर 09 व्यक्तियों को धर दबोचा।
आरोपियों पर जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज : पकड़े गए आरोपियों में अबरार (19), अल्ताफ (32), असलम (26), हैदर (34), मोहम्मद हयात (40), तैय्यब अली (33), फिरोज (40), जफर (43) और जाकिर (41) शामिल हैं, जो जावरा के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना जावरा शहर में अपराध क्रमांक 279/2026, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका : इस सफल कार्रवाई में जावरा शहर थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई, उप निरीक्षक ओमप्रकाश राठौर, प्रधान आरक्षक राहुल उपाध्याय, चीता आरक्षक अमित जाट, आरक्षक दीपक माली, चन्द्रपाल सिंह, सुगड़सिंह एवं संदीप जाधव की प्रमुख व सराहनीय भूमिका रही।
शराब पीने से रोकने का बदला : झूठी सूचना देकर बुलाई Dial 112, फिर कर दिया पथराव
Sun, Aug 9, 2026
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से रोके जाने से नाराज युवकों ने बदला लेने के लिए डायल-112 पर ही पथराव कर दिया। घटना शुक्रवार रात बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ाखेड़ा पुलिया की है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बाजना थाने के आरक्षक शंकर शिंदे (32) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। आरक्षक ने बताया कि मोबाइल नंबर 9131494370 से डायल-112 पर सूचना मिली थी कि अमलियार पटेल परिवार उनके साथ मारपीट कर रहा है। सूचना पर डायल-112 के पायलट कृष्णा उर्फ करण के साथ वे रावटी-बाजना रोड पर ग्राम पोड़ाखेड़ा की पुलिया पर पहुंचे। वहां पहले से कुछ लोग इकट्ठा थे।
3 से 4 लोग गाड़ी के पास आए तो पूछा कि लड़ाई कहां हो रही है। इस पर एक युवक बोला कि यहां कोई लड़ाई नहीं हो रही थी। हमने तो झूठ बोलकर यहां बुलाया है। कल हम बाजना हाट में शराब पी रहे थे तो पुलिस हमें क्यों रोक रही थी। पुलिस हमें शांति से शराब भी नहीं पीने देती। ऐसा कहते हुए गालियां दी और पथराव शुरू कर दिया। इससे डायल-112 के पीछे का कांच फूट गया, ब्रेक लाइट व इंडिकेटर टूट गए।
बाजना थाना टीआई रवींद्र दंडोतिया ने बताया कि कल मेरे पास गाड़ी नहीं थी तो मैं डायल-112 से हाट में राउंड लगाने गया था। वहां सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों को रोका था और वहां से हटाया था।
जिन युवकों को वहां से हटाया था, उनको आशंका थी कि डायल-112 का पायलट पुलिस को वहां लेकर पहुंचा है, इसलिए उन्होंने झूठी सूचना देकर डायल-112 पर पथराव किया। जांच में पता चला कि पथराव करने वालों में प्रकाश अमलियार निवासी पोड़ाखेड़ा व दिलीप बड़खिया निवासी पोड़ाखेड़ा और उनके साथी हैं। आरोपी प्रकाश अमलियार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस-राजस्व महाशिविर : भूमि विवाद की 630 शिकायतें, 450 का मौके पर निपटारा Video
Sat, Jul 4, 2026
आमजन की भूमि संबंधी समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान करने के लिए शनिवार को रतलाम जिले में एक बड़ी और अनूठी पहल की गई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 'भूमि संबंधी विवाद निराकरण शिविर' का आयोजन किया गया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने मौके पर मौजूद रहकर जनता की शिकायतें सुनीं। इस विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में कुल 630 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 450 मामलों का मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई और आपसी समझाइश के जरिए निपटारा कर दिया गया।
सालों पुराने विवादों से मिली मुक्ति : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में कई ऐसे मामले भी सामने आए जो लंबे समय से लंबित थे। संयुक्त टीम की मुस्तैदी के कारण कई पक्षों के बीच सालों पुराना मनमुटाव चंद घंटों में दूर हो गया। जिन 180 शेष प्रकरणों का तत्काल निराकरण नहीं हो सका, उनमें दोनों पक्षों को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सक्षम न्यायालय की शरण में जाने की समझाइश दी गई।
संवेदनशील मामलों में सख्त रुख, बाउंड ओवर की कार्रवाई : शिविर के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया। जिन जमीनी विवादों में भविष्य में शांति भंग होने, मारपीट या विवाद बढ़ने की आशंका थी, वहां पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। ऐसे मामलों में संबंधित असामाजिक या विवादित तत्वों के विरुद्ध बाउंड ओवर (प्रतिबंधात्मक मुचलका) की वैधानिक कार्रवाई की गई, ताकि कानून-व्यवस्था हर हाल में बनी रहे।
पुलिस की अपील: कानून हाथ में न लें : इस सफल अभियान के बाद रतलाम पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे भूमि या संपत्ति से जुड़े किसी भी विवाद में कानून को अपने हाथ में न लें। विवादों का हल हमेशा विधिसम्मत और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से ही निकालें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी न्याय दिलाने के लिए राजस्व विभाग के साथ मिलकर भविष्य में भी इस तरह के संयुक्त शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।