छात्रा के साथ अशोभनीय हरकत : कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षक गोविंद कसावत निलंबित
Mon, Nov 17, 2025
शासकीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक गोविंद सिंह कसावत द्वारा एक छात्रा के साथ अनुचित एवं अनैतिक व्यवहार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों ने घटना की शिकायत थाना रावटी में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण को आरोप-पत्र सहित विवेचना में लिया है।
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर के निर्देश पर जनजातीय कार्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक गोविंद सिंह कसावत, जो प्राथमिक विद्यालय नरसिंहनाका संकुल केन्द्र शासकीय हाई स्कूल उमर में पदस्थ थे, को निलंबित कर दिया है। सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि आरोप प्रथमदृष्टया गंभीर पाए जाने पर शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में कसावत का मुख्यालय शासकीय हाई स्कूल भीलोंकीखेड़ी, जिला रतलाम निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें मूलभूत नियम 53 के तहत जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता भी प्रदान की जाएगी।
प्रकरण सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय जनों में रोष व्याप्त है। विभागीय जांच आगे जारी है।
ऑफिस के नाम की दुकान में खोला शोरूम : निगम द्वारा दुकान सील की कार्यवाही
Sun, Nov 2, 2025
शहर के सराफा बाजार स्थित आज़ाद क्लब परिसर में आवंटित दुकान को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। जिस दुकान को कार्यालय संचालन के लिए आवंटित किया गया था, उसमें अब सोने–चांदी के आभूषण की दुकान चलाने की कोशिश की जा रही थी। शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने उक्त दुकान को सील कर दिया।
लाखों रुपए का हुआ लेनदेन: जानकारी के अनुसार, आज़ाद क्लब के बाहर स्थित दुकान नंबर : 2 को ओम प्रकाश शर्मा नामक व्यक्ति को कार्यालय उपयोग के लिए दी गई थी, लेकिन उन्होंने “ओम ज्वैलर्स” के नाम से दुकान तैयार करना शुरू कर दिया। करीब 30 दिनों तक फर्नीचर, साज-सज्जा और शो-केस का कार्य चलता रहा। सूत्रों के मुताबिक इस पूरी प्रक्रिया में लाखों रुपए खर्च हुए हैं।
निगम की सख्ती: निगम आयुक्त ने कहा कि आवंटन की शर्तों के अनुसार दुकान का उपयोग केवल कार्यालय कार्य के लिए किया जा सकता था। बिना अनुमति व्यावसायिक उपयोग करना नियमों का उल्लंघन है। निरीक्षण दल ने मौके पर जाकर दुकान को सील कर दिया और आगे की जांच शुरू की गई है।
स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश: सराफा बाजार के व्यापारियों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि अगर प्रशासन सख्त कार्रवाई नहीं करेगा तो भविष्य में इस तरह के अनुचित कब्जे और बढ़ेंगे।
सीएमएचओ द्वारा अस्पताल निरीक्षण : मरीजों को मिल रही सेवाओं का लिया जायजा
Tue, Oct 28, 2025
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईसीयू वार्ड, एनसीडी कक्ष, इमरजेंसी कक्ष और दवाई वितरण कक्ष का निरीक्षण किया।
आईसीयू वार्ड का निरीक्षण : आईसीयू वार्ड में उन्होंने मरीजों की संख्या और उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बायोमेडिकल वेस्ट के प्रावधान अनुसार सभी बकेट में कलर कोड पॉलिथीन लगाने के निर्देश दिए। आईसीयू में ब्लड प्रेशर हेतु आवश्यक दवाइयां उपलब्ध पाई गईं।
उपकरणों की जांच : निरीक्षण के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर, फायर एक्सटिंग्विशर, सीसी वार्ड में उपलब्ध एयर कंडीशनर, पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, फेब्रिलेटर और डिफैब्रेटर उपकरणों को चलाकर देखा गया। सभी उपकरणों को हर स्थिति में क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए।
मरीजों से चर्चा : मरीजों से उनके स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता आदि के संबंध में चर्चा की गई। मरीजों ने उपचार और भोजन व्यवस्था के संबंध में संतुष्ट होना बताया।
एनसीडी कक्ष का निरीक्षण : एनसीडी कक्ष के भ्रमण के दौरान स्टॉक रजिस्टर चेक किया गया और दवाइयों का तीन माह का स्टॉक हमेशा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। रॉयल्स ट्यूब की उपलब्धता चेक की गई और किसी भी अन्य दवाई और उपकरण की कमी होने पर आरएमओ को अवगत कराने हेतु कहा गया।
इमरजेंसी कक्ष और दवाई वितरण कक्ष : इमरजेंसी कक्ष में ईसीजी मशीन हमेशा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। दवाई वितरण कक्ष में सभी प्रकार की दवाइयों की उपलब्धता की जांच की गई।
एमसीएच अस्पताल का निरीक्षण : एमसीएच अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान में लगभग 20 डिलीवरी प्रतिदिन के मान से लगभग 600 डिलीवरी प्रतिमाह हो रही है। सीएमएचओ ने सभी एमएलसी रिकॉर्ड ऑनलाइन सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि करने के निर्देश दिए।
व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश : एमसीएच अस्पताल की लिफ्ट को सुधारने के लिए जिला स्तर से सभी प्रकार का सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई। मरीजों को व्हीलचेयर के माध्यम से अस्पताल के स्टाफ द्वारा एंबुलेंस तक पहुंचाए जाने के निर्देश दिए गए।
डॉक्टरों की उपस्थिति : सीएमएचओ द्वारा अस्पताल भ्रमण के दौरान डॉक्टर ए.पी सिंह, डॉ अंकित जैन, डॉक्टर आर सी डामोर, डॉ अभिषेक अरोरा, डॉ शिवम श्रीवास्तव सहित डॉक्टर उपस्थित रहे।