शहर के विकास की कड़ी में नगर निगम द्वारा वार्डों के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का कार्य निरंतर जारी है। इसी क्रम में आज महापौर प्रहलाद पटेल ने वार्ड क्रमांक 29 और 27 में कुल
52.70 लाख रुपये
की लागत से होने वाले सड़क डामरीकरण एवं सीमेन्टीकरण कार्यों का विधिवत् भूमि पूजन किया।
वार्ड 29: 22 लाख से सुधरेगा आवागमन :
वार्ड क्रमांक 29 में समता नगर से सिल्वर इन कॉलोनी होते हुए आनंद कॉलोनी तक की सड़क का सीमेन्टीकरण किया जाएगा। 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए महापौर ने निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा और क्षेत्रीय पार्षद परमानन्द योगी की उपस्थिति में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि इस कार्य के पूर्ण होने से नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और पूरा क्षेत्र स्वच्छ व सुंदर नजर आएगा।
वार्ड 27: लालजी का बाग और काजीपुरा को मिली सौगात :
वहीं, वार्ड क्रमांक 27 में भी विकास कार्यों को गति देते हुए महापौर ने 30.70 लाख के कार्यों का भूमि पूजन किया। इसमें लालजी का बाग में 14.70 लाख और काजीपुरा में 16 लाख की लागत से सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण होगा। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती यास्मिन शैरानी के साथ भूमि पूजन करते हुए महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों का कचरा केवल नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें, ताकि शहर को नंबर-1 बनाने में सबका योगदान रहे।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति :
भूमि पूजन कार्यक्रमों के दौरान निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, एमआईसी सदस्य पप्पू पुरोहित, पार्षदगण शक्तिसिंह राठौर, योगेश पापटवाल, कमरूद्दीन कचवाय, वहीद शैरानी, पूर्व पार्षद मोहम्मद सलीम मेव, फैय्याज मंसूरी, राजीव रावत, हीना शेख सहित वार्ड संयोजक श्याम मारू, अकरम फारूखी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद थे।