अतिवृष्टि और पीला मोजेक से प्रभावित किसानों के बीच पहुँचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आश्वस्त किया कि किसी भी किसान को नुकसान की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर खेत का सर्वे कर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाएगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को सैलाना तहसील के ग्राम करिया पहुँचे, जहाँ उन्होंने किसानों के खेतों में जाकर सोयाबीन फसलों की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने किसान मनोहर लाल मालवीय और राधेश्याम पाटीदार को गले लगाकर ढांढस बंधाया और कहा –
“हम आपका साथ में हैं, चिंता मत करजो।”
किसान चौपाल में संवाद
फसल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने किसान चौपाल में किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही किसानों के प्रति संवेदनशील हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राज्य सरकार की सहायता राशि, 30 लाख किसानों को सोलर पंप, तथा निराश्रित गायों के लिए गौशालाओं जैसी योजनाएं किसानों के हित में लागू की गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे क्षेत्र में पारदर्शिता के साथ प्रभावित हर खेत का सर्वे किया जाएगा।
सड़क निर्माण की घोषणा
किसानों की मांग पर मुख्यमंत्री ने ग्राम रियावन से कालूखेड़ा तक सड़क बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने जिला कलेक्टर को प्रभावित फसलों का त्वरित सर्वे कराए जाने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, विधायक मथुरालाल डामोर, विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डे, पूर्व विधायक संगीता चारेल, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई चंद्रवंशी, संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर राजेश बाथम, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।